गुमला। पालकोट थाना क्षेत्र के सेमरा जंगल स्थित मरदा नदी के समीप बुधवार दोपहर करीब दो बजे स्कूटी और मारुति कार के बीच हुई भीषण टक्कर में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिला और एक बच्ची समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है।
मृतक की पहचान भादो केरकेट्टा के रूप में हुई है। हादसे में उनकी पत्नी एवं बाघ पंचा आंगनबाड़ी सेविका उर्मिला केरकेट्टा भी घायल हुई हैं। वहीं मारुति ऑल्टो कार में सवार बसिया निवासी लक्ष्मण उरांव, उनकी पत्नी रेणु उरांव और एक वर्षीय बेटी जयरीना उरांव भी जख्मी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण उरांव अपने परिवार के साथ ऑल्टो कार से बसिया से गुमला की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सेमरा जंगल के पास सड़क के मोड़ पर गुमला की ओर से जा रही स्कूटी से उनकी कार की सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और समाजसेवियों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पालकोट पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।
