पलामू। चैनपुर प्रखंड के पथरिया गांव में कर्मा पूजा के दौरान नदी में विसर्जन करने गए युवकों के साथ बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने और विसर्जन के दौरान कई युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने नदी में उतरकर बचाव का प्रयास किया, लेकिन पांच युवकों की मौत की सूचना है। मृतकों में पथरिया गांव निवासी अमित पासवान (36), आदर्श कुमार (12), नितेश कुमार सिंह (16) और विशाल कुमार (15) की पहचान हुई है। एक अन्य मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। बताया जा रहा है कि मृतकों में एक ही परिवार के दो सदस्य भी शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शवों को मेदिनीनगर स्थित एमएमसीएच अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मंत्री राधा कृष्ण किशोर अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों व परिजनों से जानकारी ली। उन्होंने बताया कि उपायुक्त से बातचीत के बाद आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। मंत्री ने मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी। स्थानीय विधायक आलोक चौरसिया ने भी परिवारों से मुलाकात की। प्रशासन एक युवक की तलाश और घटना की विस्तृत जानकारी जुटा रहा है।

