जामताड़ा शहर के दुमका रोड स्थित रामजसराय गोपीराम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने दुमका रोड मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
मृतक की पहचान तीलाबाद निवासी रोनित राय के रूप में हुई है। रोनित जामताड़ा थाना में पदस्थ महिला पुलिसकर्मी कल्पना राय का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सदर अस्पताल में स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों और परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे साइडिंग से कोयला खाली कर लौट रहा डंपर पेट्रोल भराने के लिए इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप में प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर सवार तीन युवक भी पेट्रोल पंप की ओर मुड़े। अचानक स्कूटी का संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक डंपर के नीचे जा गिरे। हादसा इतना भीषण था कि रोनित राय की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर मौजूद टाइगर मोबाइल के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने रोनित को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट……….

