जामताड़ा/चित्तरंजन : चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना कर्मचारी संघ के आह्वान पर शुक्रवार को जनरल मैनेजर कार्यालय के बाहर आर.के. गेट के समीप विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। संघ के अध्यक्ष दिनेश पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में भारी बारिश के बावजूद हजारों रेल कर्मचारियों और विभिन्न समूहों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शन के दौरान “रेलवे बचाओ, सीएलडब्ल्यू बचाओ, रोजगार बचाओ” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
धरना कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष अमरेंद्र सिन्हा, कार्यकारी अध्यक्ष आशीष मुखर्जी समेत संघ के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। मंच संचालन महामंत्री अनुज कुमार ने किया।
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने रेलवे प्रशासन के समक्ष कर्मचारियों से जुड़ी कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि पूरे रेलवे में लगभग 30 हजार पदों की कटौती तत्काल बंद की जाए। वर्कशॉप में कार्यरत लैब कर्मचारियों को प्रोत्साहन भत्ता शीघ्र दिया जाए तथा ग्रुप-डी कर्मचारियों की नई नियुक्ति की जाए। साथ ही अपरेंटिस कर चुके अभ्यर्थियों को नियुक्ति में प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई।
संघ ने चित्तरंजन रेलवे कॉलोनी के सभी प्रकार के क्वार्टरों के नवीनीकरण, कानून-व्यवस्था में सुधार तथा बंगाल सरकार द्वारा लिए जा रहे प्रोफेशनल टैक्स को समाप्त करने की मांग की। इसके अलावा मेकेनिकल विभाग में ग्रेड-1 पदोन्नति जल्द करने, एसी इंस्टॉलेशन में अतिरिक्त राशि जमा करने वाले कर्मचारियों को पैसा लौटाने तथा पीओएफ एवं पीओएच को बंद करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
जामताड़ा से गौतम ठाकुर की रिपोर्ट………
