उपायुक्त रवि आनंद ने पुलिस अधीक्षक राज कुमार महतो के साथ किया पैरेड का निरीक्षण…..
गांधी मैदान जामताड़ा में विगत 17 जनवरी से गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के मद्देनजर चल रहे पैरेड पूर्वाभ्यास के अंतिम दिन फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया।
वहीं इससे पूर्व उपायुक्त द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार आवासीय कार्यालय से होते हुए शहर में अवस्थित महापुरुषों एवं स्वतंत्रता सेनानियों यथा वीर कुंवर सिंह प्रतिमा, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, डॉ भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा प्रतिमा के उपरांत सिदो कान्हो प्रतिमा पर माल्यार्पण का पूर्वाभ्यास करते हुए गांधी मैदान पहुंचे एवं शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर सलामी मंच पर पहुंचे एवं पैरेड की सलामी ली। तत्पश्चात उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक पैरेड निरीक्षण वाहन में सवार होकर पैरेड का निरीक्षण किया। इसके उपरांत उपायुक्त ने झंडोतोलन का पूर्वाभ्यास किया।



गणतंत्र दिवस समारोह के भव्य एवं गरिमामय आयोजन को लेकर उपायुक्त ने दिए कई अहम दिशा निर्देश
पैरेड पूर्वाभ्यास के उपरांत उपायुक्त ने पदाधिकारियों, परेड में शामिल सभी प्लाटून, बैंड पार्टी, बच्चों समेत सभी को गणतंत्र दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए सभी जिलेवासियों से गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास पूर्वक मनाने हेतु अपील किया। वहीं इस मौके पर उन्होंने प्लाटूनों से कहा कि आपलोगों का प्रदर्शन अच्छा है, लेकिन कई बिंदुओं पर और बेहतर प्रदर्शन की आवश्यकता है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करें कि पैरेड के दौरान मैदान में अनाधिकृत रूप से कोई नहीं रहें। इसके अलावा उपायुक्त ने गांधी मैदान की व्यवस्थाओं यथा साफ-सफाई, साज-सज्जा, मेडिकल व्यवस्था, पेयजल, एम्बुलेंस, अग्निशामक वाहन, आगन्तुकों के बैठने की समुचित व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल का अनुपालन, साउंड सिस्टम सहित अन्य सभी बिंदुओं पर कई अहम दिशा निर्देश दिया। उपायुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय को निर्देश दिया कि मैदान में कार्यक्रम के दौरान आवारा पशुओं का प्रवेश नहीं हो, इसके लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करें। इसके अलावा मैदान में पर्याप्त मात्रा में पानी का छिड़काव करने सहित विभिन्न दिशा निर्देश दिया गया।
वहीं ,पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने प्लाटूनों को और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए जरूरी टिप्स देते हुए प्लाटून कमांडर एवं सार्जेंट मेजर को आवश्यक एवं उचित दिशा निर्देश दिया। कहा कि जिन बिंदुओं पर कमी है उसका रिहर्सल करें और गणतंत्र दिवस के दिन बेहतर प्रदर्शन करें।
गांधी मैदान में मुख्य अतिथि माननीय मंत्री डॉ इरफान अंसारी करेंगे झंडोत्तोलन
विदित हो कि गणतंत्र दिवस समारोह के शुभ अवसर पर जिले के मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान में मंत्री, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग तथा उपभोक्ता मामले विभाग झारखण्ड, डॉ इरफान अंसारी के द्वारा झंडोतोलन किया जाएगा।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त श्री निरंजन कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए, जुगनू मिंज, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, प्रभारी नजारत उप समाहर्ता विकेश कुणाल प्रजापति, अंचल अधिकारी जामताड़ा अविश्वर मुर्मू, कार्यपालक पदाधिकारी नगर निकाय सोमा खंडेत, नगर थाना प्रभारी के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी आदि मौजूद थे
