मुख्य समारोह में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी गांधी मैदान में राष्ट्रध्वज फहराएंगे।
जामताड़ा। स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों के तहत गांधी मैदान, जामताड़ा में गुरुवार को पैरेड पूर्वाभ्यास के अंतिम दिन फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शम्भू कुमार सिंह ने पैरेड का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने शहर के वीर कुंवर सिंह, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर, भगवान बिरसा मुंडा एवं सिदो-कान्हो की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण का पूर्वाभ्यास किया। इसके बाद गांधी मैदान पहुंचकर शहीद बेदी पर पुष्प अर्पित कर सलामी मंच पर पहुंचे और पैरेड की सलामी ली। निरीक्षण वाहन में सवार होकर दोनों अधिकारियों ने पैरेड का निरीक्षण किया। इसके बाद राष्ट्रगीत के पश्चात उपायुक्त ने राष्ट्रध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी।
उपायुक्त ने मैदान की साफ-सफाई, साज-सज्जा, पेयजल, मेडिकल सुविधा, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, बैठने की व्यवस्था, वीआईपी प्रोटोकॉल और साउंड सिस्टम को लेकर निर्देश दिए। एसपी ने प्लाटून कमांडरों एवं पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रध्वज फहराने से पूर्व राष्ट्रगीत के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
