जामताड़ा: साइबर अपराध के लिए चर्चित जामताड़ा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव के पास झाड़ियों में छिपकर देशभर के लोगों को ऑनलाइन ठगी का शिकार बना रहे थे। पुलिस ने इनके पास से सात मोबाइल फोन और नौ सिम कार्ड बरामद किए हैं।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धरूवाडीह निवासी महेन्द्र कुमार मंडल (28), टिंकू कुमार मंडल (26) और विकास कुमार मंडल (24) के रूप में हुई है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बैंक क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड एक्टिवेट कराने का झांसा देकर लोगों को फंसाते थे। साथ ही गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर लोगों से APK फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसके जरिए पीड़ितों की बैंकिंग जानकारी हासिल कर खाते से रकम निकाल लेते थे।
मामले में साइबर थाना कांड संख्या 34/26 के तहत BNS, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
