जामताड़ा/नाला: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को नाला प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा कुमारी की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों तथा विभागीय कार्यालयों के अधिकारी और उनके प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य 15 अगस्त के कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराना था।
बैठक में विभिन्न कार्यालयों और संस्थानों में ध्वजारोहण की समय-सारणी निर्धारित की गई। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रखंड मुख्यालय में सुबह 8:00 बजे, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 8:15 बजे, पुलिस अनुमंडल कार्यालय में 8:45 बजे, पुलिस निरीक्षक कार्यालय में 9:10 बजे, नाला थाना में 9:15 बजे, बाबा साहब अंबेडकर मंच पर 9:30 बजे, मध्य विद्यालय नाला में 9:40 बजे तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में 10:30 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा।
बैठक में सभी विभागों और संस्थानों को निर्धारित समय के भीतर झंडोत्तोलन कार्यक्रम पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराने और कार्यक्रम को गरिमामय ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रमुख कलावंती मुर्मू, उप प्रमुख समर मांझी, थाना प्रतिनिधि, प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
