पाकुड़: झारखंड सरकार द्वारा पुलिस व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए उपलब्ध कराए गए नए बोलेरो वाहनों के पाकुड़ जिले में पहुंचने के बाद पाकुड़ पुलिस ने रविवार को शहर की सड़कों पर वाहन प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस लाइन से नए वाहनों का काफिला निकाला गया, जिसने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों का ध्यान आकर्षित किया।वाहन प्रदर्शन पुलिस लाइन से शुरू होकर सोनाजोड़ी होते हुए चांदपुर बॉर्डर तक गया। इस दौरान एक साथ चल रहे नए बोलेरो वाहनों का काफिला शहर में चर्चा का विषय बना रहा। पूरे कार्यक्रम का नेतृत्व डीएसपी अजय आर्यन ने किया।पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह वाहन प्रदर्शन नए पुलिस वाहनों की क्षमता और उपलब्धता को प्रदर्शित करने के साथ-साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया। इन वाहनों के आने से जिले में पुलिस गश्त और तेज होगी तथा किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता पहले से बेहतर होगी।गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा पुलिस आधुनिकीकरण के तहत हाल ही में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यभर के लिए 1477 नए पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। इसी क्रम में पाकुड़ जिले को 11 बोलेरो वाहन मिले हैं। हालांकि एसपी निधि द्विवेदी का मानना है कि नए वाहनों से शहरी के साथ-साथ ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में भी पुलिस की पहुंच और निगरानी मजबूत होगी, जिससे अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहूलियत होगी।
