पाकुड़। जिले के अमड़ापाड़ा मुख्य बाजार में बुधवार को दिनदहाड़े हथियारबंद बदमाशों ने किशुन वर्मा ज्वेलर्स में डकैती की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, बदमाश ज्वेलर्स दुकान में घुसे और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण लेकर मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय दुकानदारों और व्यवसायियों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
पुलिस बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। वहीं, डकैती में कितने अपराधी शामिल थे और कितने मूल्य के जेवरात की लूट हुई, इसका आकलन किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
