पाकुड़: पाकुड़िया थाना परिसर में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के करीब 20 स्थानों पर होने वाले दुर्गा पूजा आयोजन को लेकर पूजा समितियों के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने पूजा के दौरान शांति, भाईचारा और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी तरह की अफवाह अथवा भ्रामक सोशल मीडिया संदेशों पर ध्यान नहीं दें। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें। अधिकारियों ने पूजा समितियों से भी प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर आयोजन करने की अपील की।
पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने की बात कही। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना, विवाद या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत थाना को सूचित करने का निर्देश दिया गया। बैठक में एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, बीडीओ साहब सोमनाथ बनर्जी सहित पूजा समितियों के सदस्य एवं अन्य लोग मौजूद रहे।


