शिक्षक दिवस के अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी शिक्षकों एवं शिक्षिकाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। भारत के पूर्व राष्ट्रपति एवं प्रख्यात शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं।
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व, संस्कार, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के विकास में शिक्षकों की अहम भूमिका है। उन्होंने शिक्षकों से समर्पण और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढ़ने का अवसर देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य ही जिले और देश का उज्ज्वल भविष्य है। इस दिशा में शिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है। उपायुक्त ने सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
