विश्रामपुर थाना क्षेत्र के पहरगेरुआ गांव में एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और अफरा-तफरी का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में एक पुराने जर्जर मकान की दीवाल को हटाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान काम कर रहे दो लोग कुछ देर आराम और जलपान करने के लिए दीवार के पास छाया में बैठ गये। तभी अचानक पुरानी दीवार भरभराकर गिर पड़ी और दोनों उसकी चपेट में आ गए। जिससे 60 वर्षीय दुखी भुइयां व प्रदीप रजक उर्फ गटौरी बैठा का 25 वर्षीय पुत्र सतीश बैठा की दिवाल में दबकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उक्त दिवाल सतीश बैठा के ही घर का हिस्सा था। घटना की सूचना मिलते ही विश्रामपुर पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इधर इस हादसे के बाद से गांव में शोक की लहर है। वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
