पत्नी और प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश…………..

रांची के बुंडू थाना क्षेत्र के सुमानडीह जंगल से बरामद सिर कटा और अधजला शव मामले का खुलासा पुलिस ने 17 दिन बाद कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान संजय लोहरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संजय लोहरा की हत्या उसकी पत्नी और उसके कथित प्रेमी ने मिलकर की थी। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग को प्रमुख कारण माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव का सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई और उसे सुमानडीह जंगल में फेंक दिया गया। घटना के बाद से पुलिस लगातार मामले की जांच में जुटी थी।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और अन्य महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी के कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर तमाड़ थाना क्षेत्र के आगरा और सुंदरडीह जंगल से मृतक का कटा हुआ सिर भी बरामद कर लिया गया।
सिर बरामदगी के दौरान एफएसएल की टीम ने मौके से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए। इस कार्रवाई में बुंडू के डीएसपी ओमप्रकाश, बुंडू थाना प्रभारी, तमाड़ थाना प्रभारी सहित पुलिस की संयुक्त टीम मौजूद रही।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है। बरामद साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, वहीं पुलिस ने दावा किया है कि वैज्ञानिक जांच और लगातार प्रयासों के कारण इस जघन्य हत्या की गुत्थी सुलझाने में सफलता मिली।
