रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सोमवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में RMZ Infrastructure के प्रेसिडेंट दीपक छाबड़िया ने मुलाकात की। बैठक में झारखंड में अत्याधुनिक IT Park, Global Capability Centre (GCC) की स्थापना और तकनीकी एवं औद्योगिक निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। IT, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, मैन्युफैक्चरिंग, न्यूक्लियर एनर्जी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में निवेश को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
प्रस्तावित योजना के तहत 2029 तक रांची में IT Park शुरू करने की दिशा में काम किया जाएगा। प्रथम चरण में करीब 20 हजार रोजगार के अवसर सृजित करने तथा अगले तीन वर्षों में इसकी क्षमता बढ़ाकर लगभग 75 हजार रोजगार अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए IIM रांची, नए विधानसभा परिसर और हाईकोर्ट परिसर के समीप लगभग 100 एकड़ भूमि को संभावित स्थल के रूप में विकसित करने पर विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार रांची को IT, इनोवेशन और उभरती तकनीकों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रही है। स्थानीय युवाओं को उच्च-कौशल आधारित रोजगार उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। अक्टूबर में IT एवं ई-गवर्नेंस विभाग का प्रतिनिधिमंडल बेंगलुरु जाकर IT पार्क और GCC मॉडल का अध्ययन करेगा। बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
