रांची जिला प्रशासन की संवेदनशील और तत्पर कार्यशैली का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। 85 वर्षीय वरिष्ठ नागरिक राधेश्याम नाथ को महज 24 घंटे के भीतर सर्वजन पेंशन योजना और आयुष्मान भारत योजना का लाभ उपलब्ध कराया गय। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर प्रशासनिक टीम ने बुजुर्ग के घर पहुंचकर सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
जानकारी के अनुसार किशोरगंज निवासी राधेश्याम नाथ सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए समाहरणालय पहुंचे थे। उनकी उम्र और स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। प्रशासनिक टीम ने तेजी से सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए राधेश्याम नाथ को सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन स्वीकृति प्रमाण पत्र उनके घर जाकर सौंपा। इसके साथ ही उनका आयुष्मान कार्ड भी बनवाकर उपलब्ध कराया गया, ताकि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके।
सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने के बाद बुजुर्ग राधेश्याम नाथ ने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से उन्हें काफी राहत मिली है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से कहा गया कि जरूरतमंद और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि रांची जिला प्रशासन आगे भी इसी प्रकार संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करता रहेगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके।


