रांची। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए हुए चुनाव के परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिए गए। चुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार बैजनाथ राम और एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी ने जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को हार का सामना करना पड़ा।
मतगणना के अनुसार बैजनाथ राम को 30 मत प्राप्त हुए, जबकि परिमल नाथवानी को 28 वोट मिले। कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा को 20 मतों से संतोष करना पड़ा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान तीन मत निरस्त घोषित किए गए।
परिणाम सामने आते ही राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। सत्तारूढ़ इंडिया गठबंधन के पास विधानसभा में पर्याप्त संख्या बल होने के बावजूद कांग्रेस प्रत्याशी की हार और परिमल नाथवानी की जीत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक गलियारों में क्रॉस वोटिंग की चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं।
इस चुनावी परिणाम को इंडिया गठबंधन के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है, जबकि एनडीए खेमे में उत्साह का माहौल है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस नतीजे का प्रभाव आने वाले दिनों में राज्य की राजनीति पर भी देखने को मिल सकता है।
