26 सितंबर तक बारिश के आसार……………..…
राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मौसम का मिजाज बदल गया है। अगले कुछ दिनों तक राज्य में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने सक्रिय डिप्रेशन के प्रभाव से झारखंड में नमी वाली हवाओं का प्रवेश हो रहा है। इसके कारण कई इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 24 सितंबर को झारखंड के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं 25 और 26 सितंबर को भी राज्य के विभिन्न इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम में आए बदलाव से तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि, बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा के दौरान लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़-पौधों के नीचे खड़े होने से बचने तथा विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की है।
