देवघर बाबा बैद्यनाथ मंदिर प्रांगण स्थित सभी 18 दानपात्रों को गुरुवार को मंदिर प्रशासन की देखरेख में कड़ी सुरक्षा के बीच खोला गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया ने बताया कि दानपात्रों से प्राप्त राशि और विदेशी मुद्रा की गिनती मंदिर प्रशासनिक भवन में कराई गई। गिनती के बाद दानपात्रों से भारतीय मुद्रा में 13 लाख 56 हजार 810 रुपये प्राप्त हुए। इसके अलावा नेपाली मुद्रा 4090, भूटानी मुद्रा 10 तथा ऑस्ट्रेलियन डॉलर 50 भी दान स्वरूप प्राप्त हुए हैं। दानपात्रों को खोलने और राशि की गिनती की पूरी प्रक्रिया मंदिर प्रशासन की निगरानी में संपन्न हुई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच दानपात्रों से निकली राशि को सुरक्षित रूप से प्रशासनिक भवन में रखा गया। मंदिर प्रशासन द्वारा प्राप्त दान राशि का निर्धारित प्रक्रिया के तहत संधारण किया जाएगा।
