साहिबगंज बोरियो थाना क्षेत्र में पिछले दिनों हुए संजू हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस संबंध में अनुमंडलीय कार्यालय स्थित अपने कक्ष में सदर एसडीपीओ किशोर तिर्की ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी।
एसडीपीओ ने बताया कि 19 जनवरी की रात्रि लगभग 8 बजे बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ा रक्सो पंचायत भवन के पास संजू मड़ैया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद बोरियो थाना में कांड संख्या 6/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसके क्रम में बड़ा रक्सो, दमगी निवासी धुमा किस्कू को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त 12 बोर की एक नाली बंदूक, 07 पीस जिंदा कारतूस तथा 04 पीस खोखा बरामद किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

