देवघर: विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक महिला श्रद्धालु का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना शिवगंगा गली स्थित आशुतोष भगत लेन के पास की बताई जा रही है। पीड़िता की सतर्कता से तीन संदिग्ध महिलाओं को मौके पर पकड़ लिया गया, जिन्हें बाद में बाबा मंदिर थाना पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।जानकारी के अनुसार, बिहार के मधुबनी जिले की रहने वाली संताना देवी अपने परिवार के साथ नाती के उपनयन संस्कार के अवसर पर बाबा बैद्यनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए देवघर आई थीं। उन्होंने बताया कि शिवगंगा में स्नान करने के बाद वह आशुतोष भगत लेन के पास प्रसाद खरीद रही थीं। इसी दौरान एक महिला उनके पर्स को लेकर भागने लगी। शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों की मदद से संदिग्ध महिला को पकड़ लिया गया। इसके साथ ही दो अन्य महिलाओं को भी संदेह के आधार पर रोक लिया गया।पीड़िता का आरोप है कि करीब तीन घंटे तक पूछताछ के दौरान संदिग्ध महिलाओं ने उनके पर्स से निकाले गए चार हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन पर्स में रखा रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन वापस नहीं किया। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल बाबा मंदिर थाना पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और तीनों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना में और कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।श्रावणी एवं धार्मिक अवसरों पर बाबा धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने पर्स, मोबाइल और अन्य कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
