देवघर के मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र में 1.50 लाख रुपये की लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 22 सितंबर की शाम की है, जब पंचरूखी निवासी सागीर अंसारी मधुपुर से अपने घर लौट रहे थे। मरनी पुल के पास दो अपाची मोटरसाइकिल से पहुंचे पांच अपराधियों ने ओवरटेक कर उनकी बाइक रुकवाई और बैग समेत करीब 1.50 लाख रुपये छीनकर फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मधुपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लालगढ़ निवासी साजन कुमार रवानी, मो. आलमगीर शेख, मो. जुवैद शेख और मो. सनवर हुसैन को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 22,800 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार साजन कुमार रवानी का पूर्व में चार मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि मो. सनवर हुसैन के खिलाफ भी पथरौल थाना में मामला दर्ज है। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपी की तलाश और लूट की शेष राशि की बरामदगी के लिए अनुसंधान कर रही है।
