देवघर जिले के वन प्रमंडल क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध आरा मिल का भंडाफोड़ किया है। यह कार्रवाई मणिगढ़ी वन क्षेत्र अंतर्गत सारवां अंचल के मंझलाडीह गांव में की गई, जहां लंबे समय से अवैध रूप से आरा मिल संचालित होने की सूचना विभाग को मिल रही थी।
मिली जानकारी के अनुसार गुप्त सूचना के आधार पर जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी एस.डी. सिंह के निर्देश पर वन परिसर पदाधिकारी अमिष आशीष के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध आरा मिल पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान आरा मशीन, चिरान लकड़ी, गोल लकड़ी तथा अन्य उपकरणों को जब्त कर लिया गया। वन विभाग ने अवैध रूप से संचालित मिल को ध्वस्त भी कर दिया।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी माफियाओं में हड़कंप मच गया है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जंगलों की अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
