देवघर : आगामी ईद-उल-जोहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर आयोजित शांति समिति बैठकों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा। उन्होंने साइबर सेल और पुलिस अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चौबीसों घंटे निगरानी रखने का निर्देश दिया। भ्रामक पोस्ट, अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेश प्रसारित करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने सभी संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौक-चौराहों और मस्जिदों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने को कहा गया है। अनुमंडल पदाधिकारी देवघर एवं मधुपुर को स्वयं क्षेत्र में सक्रिय रहकर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
बैठक में साफ-सफाई, पेयजल और बिजली व्यवस्था को भी प्राथमिकता देने की बात कही गई। नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने, निर्बाध पेयजल आपूर्ति तथा बिजली व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
अंत में उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे बकरीद का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और शांति के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
