PM किसान और कैशबैक के नाम पर करते थे साइबर ठगी ?
देवघर। साइबर अपराध के खिलाफ देवघर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 30 सितंबर को पालाजोरी और मारगोमुंडा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 15 कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर लोगों से ठगी करते थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपी Flipkart/Amazon Pay, Airtel Payment Bank तथा Google Pay और PhonePe के कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देते थे। इसके अलावा PM किसान योजना, बिजली बिल, RTO चालान और आधार अपडेट के नाम पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस लेकर साइबर ठगी की जाती थी।
गिरफ्तार आरोपियों में देवघर, दुमका, जामताड़ा और धनबाद जिले के रहने वाले लोग शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 19 मोबाइल फोन और 13 सिम कार्ड बरामद किए हैं। तकनीकी जांच में जब्त मोबाइल नंबर और IMEI से विभिन्न राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में मिथुन अंसारी, सईम अंसारी और रमेश कुमार मंडल का पूर्व में भी साइबर थाना देवघर के मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में आगे की जांच जारी है।
