देवघर पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में 24 जून 2026 को मोहनपुर थाना क्षेत्र के बैजनडीह स्थित टांड इलाके में छापेमारी कर एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के तेलभंगा बुढ़ियारी निवासी 24 वर्षीय पप्पू कुमार राय के रूप में हुई है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी फर्जी तरीके से Flipkart, Amazon, Airtel Payment Bank तथा Google पर PhonePe Customer Care के नाम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहा है।
छापेमारी के दौरान आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में इन उपकरणों का उपयोग साइबर ठगी में किए जाने के प्रमाण मिले हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी Google Pay, PhonePe और Paytm कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का झांसा देता था। इसके अलावा PM Kisan Yojana, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर APK फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल कर ठगी करता था। वहीं, Airtel Payment Bank अधिकारी बनकर कार्ड बंद होने और पुनः चालू कराने के नाम पर भी लोगों को जाल में फंसाता था।
पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है तथा साइबर नेटवर्क से जुड़े अन्य अपराधियों की तलाश जारी है।
