देवघर जिले के सारवाँ थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय डहुआ में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे एक व्यक्ति को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। इस मामले में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सह संयोजक इरशाद चौधरी के लिखित आवेदन पर सारवाँ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे विद्यालय परिसर में चोरी की घटना के दौरान ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। उसकी पहचान मुरली हाजरा उर्फ मोहन हाजरा (55 वर्ष), पिता अंग्रेज हाजरा उर्फ बाजो हाजरा, निवासी देवपहरी, थाना सारवाँ, जिला देवघर के रूप में हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी से संबंधित बरामद सामान जब्त कर लिया। मामले के अनुसंधानकर्ता सहायक अवर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपने स्वीकारोक्ति बयान में विद्यालय में चोरी करने की बात स्वीकार की है। आरोपी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

