देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर देवघर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। सोमवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर सहित पूरे मेला क्षेत्र और प्रमुख रूटलाइन का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक तैयारियों का जमीनी स्तर पर आकलन करना था।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खिजुरिया, रांगा मोड़, दर्शनिया मोड़, शिवगंगा, नेहरू पार्क, शिवराम झा चौक, तिवारी चौक, बीएड कॉलेज तथा बरमसिया-नंदन पहाड़ रूटलाइन का दौरा किया। इस दौरान कांवरियों के पैदल मार्ग, साफ-सफाई, शौचालयों की व्यवस्था, शुद्ध पेयजल, स्ट्रीट लाइट, होल्डिंग पॉइंट्स तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं दंडाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाबाधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और आस्था का सम्मान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सेवा भाव से कार्य करने तथा मेला तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता नहीं बरतने की सख्त हिदायत दी।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, भीड़ प्रबंधन और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना, जिला नजारत उपसमाहर्ता मुकेश कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीएमएफटी की टीम, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।



