देवघर पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने निःशुल्क टेंट सिटी की व्यापक व्यवस्था की है। बाघमारा और कोठिया सहित चिन्हित स्थलों पर स्थापित टेंट सिटी में कांवरियों को आरामदायक आवासन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि होटल और धर्मशालाओं में जगह नहीं मिलने पर उन्हें परेशानी का सामना न करना पड़े।टेंट सिटी में श्रद्धालुओं के लिए बेड, पंखा, शुद्ध पेयजल, आरओ वाटर, स्नानगृह, शौचालय, मोबाइल चार्जिंग, विद्युत व्यवस्था और अग्निशमन यंत्र जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं। वहीं, “स्वच्छ देवघर, स्वस्थ देवघर” अभियान के तहत 24 घंटे सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है तथा हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है।कटिहार (बिहार) से आए श्रद्धालु शंकर, निवेश और आनंद बम ने कहा कि निःशुल्क टेंट सिटी में होटल जैसी सुविधाएं मिलने से यात्रा आसान हुई है और खर्च भी कम हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे श्रद्धालुओं के लिए बेहद उपयोगी बताया।
