देवघर:राजकीय श्रावणी मेला–2026 के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में सघन निरीक्षण अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उपायुक्त के निर्देश पर गठित खाद्य सुरक्षा टीम ने रविवार को मधुरग्राम होटल, बाबा बम ढाबा, श्री केशव, मनपसंद होटल, कृष्णा पेड़ा भंडार, टेस्टी ट्रीट्स कॉर्नर, चौधरी नमकीन एंड स्वीट्स, तराशीश होटल सहित फब्बारा चौक एवं पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) की सहायता से पनीर, खोया, पेड़ा, हल्दी और मिर्च पाउडर की ऑन-द-स्पॉट जांच की गई। सभी नमूने खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पाए गए तथा किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट या अन्य अनियमितता नहीं मिली। हालांकि अनिल कुमार साह की दुकान से फफूंद लगे लगभग चार किलोग्राम लड्डू बरामद होने पर उन्हें तत्काल नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा टीम ने सभी कारोबारियों को स्वच्छता बनाए रखने, ताजे एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का उपयोग करने, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने तथा लाइसेंस एवं पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रतिष्ठान में प्रदर्शित रखने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेला अवधि के दौरान निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और मिलावटी, अवमानक अथवा एक्सपायरी खाद्य पदार्थ बेचने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
