दुमका।झारखंड के दुमका जिले के काठीकुंड थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली एक नाबालिग आदिवासी छात्रा का शव गांव के समीप झाड़ियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छात्रा की मौत को लेकर यौन हिंसा के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
परिजनों के अनुसार, छात्रा शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से घर लौटी थी। भोजन करने के बाद वह गाय खोलने के लिए खेत की ओर गई। कुछ देर बाद गाय अकेली घर लौट आई, लेकिन छात्रा घर नहीं पहुंची। काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के समीप झाड़ियों में उसका शव मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
