गिरिडीह: हीरोडीह थाना क्षेत्र के गरगडीहा गांव में नवमी मोहर्रम का ताजिया वर्षों पुरानी परंपरा, धार्मिक आस्था और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ। गांव के विभिन्न अखाड़ों द्वारा आकर्षक ताजिए तैयार कर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ जुलूस निकाला गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण एवं युवाओं ने भाग लेकर हजरत इमाम हुसैन की शहादत को श्रद्धापूर्वक याद किया।नवमी मोहर्रम के अवसर पर अखाड़ों में पारंपरिक खेल, लाठी-कला, तलवारबाजी सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे का माहौल देखने को मिला।ग्रामीणों ने बताया कि गरगडीहा में मोहर्रम मनाने की यह परंपरा कई दशकों से चली आ रही है और हर वर्ष लोग पूरे उत्साह, श्रद्धा और अनुशासन के साथ इसमें भाग लेते हैं। यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव का भी संदेश देता है।पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल की तैनाती के साथ पूरे आयोजन पर प्रशासन की नजर रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
गिरिडीह से ताजीम अंसारी की रिपोर्ट…………
