गिरिडीह। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा शोक व्यक्त किया। रविवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने दिवंगत मंत्री के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उनका निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व को खो दिया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सुदिव्य कुमार ने जनसेवा और राज्य के विकास के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यों और सेवाओं को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।मौके पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी स्वर्गीय सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।



