अन्य की तलाश में जुटी पुलिस………….
गोड्डा। झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता बिहार के भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र की निवासी है। महिला की शिकायत पर महागामा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले में संलिप्त अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि उसका मोबाइल फोन खो गया था। इसी दौरान कुछ लोगों ने ओझा-गुनी के माध्यम से मोबाइल खोज देने का झांसा दिया और इसी बहाने उसे अपने साथ ले जाकर कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) वरुण रजक के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने वैज्ञानिक, तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित अनुसंधान करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक टोटो और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
महागामा एसडीपीओ वरुण रजक ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। साथ ही, घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों का गहन परीक्षण किया जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
