जमशेदपुर। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित 734 करोड़ रुपये के जीएसटी घोटाले से जुड़े मामले में बुधवार देर रात स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार किया। दोनों की गिरफ्तारी बिष्टुपुर स्थित आवास से रात करीब 12:30 बजे की गई।
गिरफ्तारी के बाद ईडी की टीम दोनों को मेडिकल जांच के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद दोनों को ईडी की टीम अपने साथ रांची ले गई। इससे पहले ईडी ने बुधवार सुबह जमशेदपुर और कोलकाता में एक साथ कई ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। जमशेदपुर में बिष्टुपुर समेत तीन स्थानों और कोलकाता में दो ठिकानों पर कार्रवाई की गई। ये ठिकाने बबलू जायसवाल और उनके अकाउंटेंट से जुड़े बताए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान ईडी की टीम ने कई दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। ईडी की कार्रवाई देर रात तक चली, जिसके बाद पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया गया।
मामला कथित बड़े पैमाने पर फर्जी बिलिंग, बोगस कंपनियों के जरिए इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) हासिल करने, टैक्स चोरी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़ा बताया जा रहा है। मामले में ईडी की जांच जारी है।
