पाकुड़ पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन JIVAN” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को 12 अगस्त को पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध और महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी में गांजा की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ महेशपुर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
पाकुड़िया के मोंगलाबांध में पारू अंसारी के घर छापेमारी के दौरान उसने भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी में 2 किलो 165 ग्राम गांजा, 70 मिट्टी के चिलम, दो मोटरसाइकिल, पीतल का तराजू-बटखारा और मोबाइल बरामद किया गया।
वहीं, महेशपुर के बड़कियारी में पिंटु शेख के घर से 700 ग्राम गांजा और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन JIVAN के तहत अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभियान के दौरान 83.30 ग्राम ब्राउन शुगर और 2.246 किलो गांजा भी बरामद किया गया है।
