पाकुड़।मुफस्सील थाना क्षेत्र के चांदपुर टोटो स्टैंड में 12 अक्टूबर की रात तोड़फोड़, हंगामा और विधि-व्यवस्था बिगाड़ने के प्रयास का मामला सामने आया है। इस संबंध में गश्ती पदाधिकारी एएसआई राजीव रॉय के लिखित आवेदन पर मुफस्सील थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सार्वजनिक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, उनके पति रंकुश मंडल, गयासुद्दीन शेख, सागर दास, मोहन दास, रवि दास समेत 40 से 50 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है।
प्राथमिकी के मुताबिक, घटना रात करीब 8:30 बजे की है। आरोप है कि सभी आरोपी चांदपुर टोटो स्टैंड पहुंचे और वहां तोड़फोड़ की। इस दौरान टोटो चालकों और किरानी को धमकाने, सरकारी एवं लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा सड़क जाम करने और टोटो स्टैंड को जबरन बंद कराने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बनने की बात कही गई है।
मुफस्सील थाना प्रभारी गौरव कुमार ने प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
