रामगढ़ जिले में बाइकर्स गैंग का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। जिले के दो अलग-अलग क्षेत्रों में एक ही दिन बुजुर्ग महिलाओं से चैन छिनतई की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों वारदातों को अंजाम देने वाले अपराधी बाइक पर सवार थे और घटना के बाद तेजी से फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अपराधियों की पहचान में जुटी हुई है।
पहली घटना भदानीनगर क्षेत्र स्थित न्यू शिव मंदिर कॉलोनी में हुई, जहां एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाकर अपराधियों ने उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वहीं दूसरी घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र के पतरातू बस्ती में हुई, जहां रीता गोस्वामी नामक महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद दोनों पीड़ित परिवारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है।
लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से जिलेवासियों में भय का माहौल है। खासकर महिलाएं और बुजुर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
