रांची। बड़गाईं की 8.86 एकड़ जमीन से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रांची की विशेष PMLA अदालत ने बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए। सुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत के समक्ष उपस्थित हुए। अदालत ने अभियोजन की ओर से लगाए गए आरोपों की जानकारी उन्हें दी। मामले में PMLA की धारा 3 और 4 के तहत आरोप तय किए गए हैं।
आरोप तय होने के बाद अब मामले में ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अदालत ने अभियोजन पक्ष को गवाह पेश करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है। अगली सुनवाई 30 नवंबर को निर्धारित की गई है।
यह मामला रांची के बड़गाईं क्षेत्र की 8.86 एकड़ जमीन के कथित अवैध अधिग्रहण और हस्तांतरण से जुड़ा है। प्रवर्तन निदेशालय ने इसी से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच की है। हेमंत सोरेन ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों से इनकार किया है और खुद को निर्दोष बताया है।
इससे पहले हेमंत सोरेन ने आरोप गठन की प्रक्रिया पर रोक लगाने के लिए झारखंड हाईकोर्ट का रुख किया था। हाईकोर्ट ने 18 सितंबर को कार्यवाही पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद विशेष PMLA अदालत में आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
