साहिबगंज बरहरवा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान एक महिला फिसलकर ट्रेन की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला की पहचान राजमहल निवासी चांदनी बेवा (40 वर्ष), पति स्वर्गीय रिजाउल शेख के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांदनी बेवा बरहरवा बाजार से दवा खरीदकर अपने घर राजमहल लौट रही थीं। इसी दौरान बरहरवा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर धुलियान पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने के क्रम में उनका संतुलन बिगड़ गया और वे फिसलकर चलती ट्रेन की चपेट में आ गईं। घटना के बाद प्लेटफार्म पर अफरा – तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और रेल कर्मियों की तत्परता से महिला को तुरंत बाहर निकाला गया और इलाज के लिए बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन में चढ़ने की जल्दबाजी और प्लेटफार्म पर भीड़भाड़ इस हादसे का मुख्य कारण है। स्थानीय लोगों ने रेलवे प्रशासन से प्लेटफार्म पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यात्रियों को जागरूक करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
