बोकारो: भ्रष्टाचार के खिलाफ धनबाद एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) की टीम ने बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रखंड प्रधान सहायक गुलाम रसूल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी प्रधान सहायक ने 15वें वित्त आयोग की योजना के तहत भुगतान राशि जारी करने के एवज में लाभुक से 8 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत धनबाद एसीबी से की। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और पेटरवार प्रखंड कार्यालय में छापेमारी कर आरोपी को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ धनबाद ले गई, जहां उससे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया। एसीबी अधिकारियों ने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और दोषी किसी भी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।
एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी कार्रवाई का स्वागत करते हुए सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की है।
