रामगढ़ जिले के कर्मा चौक स्थित रांची-पटना NH-33 पर आज एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रांची की ओर से आ रही गिट्टी लोड हाईवा ट्रक संख्या BR25GA5851 अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसकी चपेट में आने से साइकिल सवार युवक नरेश शाह की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक धोबयया डीह का निवासी बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और रांची-पटना NH-33 को घंटों जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। इस दौरान लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे के लिए पुलिस को जिम्मेदार ठहराते हुए आरोप लगाया कि पुलिस की अवैध वसूली के कारण हाईवा चालक तेज रफ्तार और दबाव में वाहन चलाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने रामगढ़ एसपी से पीसीआर वाहन में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास जारी है। वही ट्रक चालक और खलासी को ग्रामीणों ने दौड़कर पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया।
